धौलपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में धौलपुर शिवा बस्ती में रविवार को विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्राचीन भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा हिन्दू समाज की एकता पर बल दिया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि महंत रणछोड़ दास ने कहा कि हिंदू समाज को संगठित रहकर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा करनी होगी। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद सेवानिवृतत्त न्यायाधीश अशोक सक्सेना ने कहा कि संयुक्त परिवार भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जहां संस्कार, अनुशासन और सामाजिक समरसता का विकास होता है। उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत जैसी कुरीतियों को पूर्ण रूप से समाप्त करने का आह्वान करते हुए हिंदू समाज को एकजुट रहने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. डीके बंसल ने द्वारा हिन्दू सम्मेलन में आये सभी हिंदुओ का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, लघु उद्योग भारती के जिला उपाध्यक्ष विमल भार्गव तथा विहिप के राम शर्मा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हुए। सम्मेलन में बस्ती में सहपरिवार रह रहे परिवार जन 90 वर्ष पूर्ण किये बंधुओ एव सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। स्कूली छात्राओं ने धार्मिक और देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

—————

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप
