शिमला, 01 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि केंद्रीय आम बजट 2026 हिमाचल प्रदेश के लिए विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर लेकर आया है। उन्होंने इसे हिमाचल की आर्थिकी, पर्यटन और उद्योग को मजबूत करने वाला बजट बताया।

डॉ. बिंदल ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश यह बजट पहाड़ी राज्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बजट 2026-27 के तहत केंद्र सरकार के करों में हिस्सेदारी के रूप में हिमाचल प्रदेश को करीब 13,949 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस राशि से राज्य में सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य सरकार को विकास कार्यों को गति देने के लिए मजबूत आर्थिक आधार मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बजट में पर्वतीय राज्यों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में ईको-फ्रेंडली माउंटेन कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा से न केवल पर्यावरण के अनुकूल सड़क और संपर्क व्यवस्था बनेगी बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे शिमला, मनाली, धर्मशाला और अन्य पर्यटन क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मेडिकल टूरिज्म हब और आयुष क्षेत्र को बढ़ावा देने की योजनाएं हिमाचल के लिए खास महत्व रखती हैं। प्रदेश पहले से ही प्राकृतिक वातावरण और औषधीय पौधों के लिए जाना जाता है। इन योजनाओं से वेलनेस टूरिज्म, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा से जुड़े नए अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 10,000 करोड़ रुपये की बायो फार्मा शक्ति परियोजना से हिमाचल के बद्दी-सोलन क्षेत्र में फार्मा उद्योग को और मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही एमएसएमई सेक्टर के लिए बड़े पैमाने पर फंडिंग की व्यवस्था से छोटे उद्योगों, स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है। पूंजीगत व्यय बढ़ने से शिमला, मंडी, सोलन और कांगड़ा जैसे शहरों में सड़क, रेल और अन्य सुविधाओं का विकास होगा। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर बजट 2026 हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं के लिए रोजगार बढ़ाने और राज्य को विकास की नई दिशा देने वाला साबित होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
