मुंबई, 01 फरवरी (हि.स.)। एनसीपी (एपी) के विधायक अमोल मिटकरी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि उपमुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक ज़िम्मेदारी वाले व्यक्ति के लिए आखिर लियरजेट 45 एयरक्राफ्ट, जिसका एक्सीडेंट और सेफ्टी में खराबी का इतिहास रहा है, उस विमान को किसने और किन क्राइटेरिया पर चुना गया था।

मिटकरी ने सीधे तौर पर एयरक्राफ्ट सुरक्षा, पायलट अपॉइंटमेंट और सरकारी फैसले लेने के प्रोसेस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट्स के मुताबिक पायलट सुमित कपूर का शराब पीने की वजह से सरकारी कार्रवाई या सस्पेंशन का रिकॉर्ड था। उन्हें उस समय किसके फैसले से अपॉइंट किया गया था? उन्होंने मांग की है कि सरकार इस बारे में विस्तृत में बताए कि क्या उस अपॉइंटमेंट के समय मेडिकल फिटनेस, क्रू रिसोर्स मैनेजमेंट, फ्लाइट सेफ्टी क्लीयरेंस जैसी ज़रूरी टेक्निकल बातें पूरी की गई थीं। अगर फ्लाइट सिस्टम में कोई समझौता हुआ है जो सीधे तौर पर उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा है, तो यह बहुत गंभीर मामला है। इसकी पूरी टेक्निकल, प्रशासनिक और मेडिकल जांच की जाए।

मिटकरी ने यह भी सवाल उठाए हैं कि हादसे में जब छह लोगों की मौत हुई, तो केवल पांच लाशें ही क्यों मिलीं? छठा आदमी कहां गया? टेक-ऑफ से पहले यात्रियों की सूची डिजिटली रिकॉर्ड की जाती है, तो इसमें गड़बड़ी क्यों है? कागज का एक भी टुकड़ा जला हुआ क्यों नहीं मिला? पायलट इतनी बार क्यों बदले गए?
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
