नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के एक मामले में आठ साल से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित वर्ष 2018 में सीमापुरी थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में वांछित था और लगातार गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। पकड़े गए आरोपित की पहचान अशोक के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की नॉर्थ रेंज-II टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरियाणा के फरीदाबाद से आरोपित को दबोचा है। आरोपित के खिलाफ सीमापुरी थाने में दर्ज हत्या, रात में घर में घुसकर अपराध और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराएं लगी हुई हैं।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक 30 और 31 अक्टूबर, 2018 की दरम्यानी रात न्यू सीमापुरी इलाके में चोरी की नीयत से आरोपित अपने साथियों के साथ एक मकान में घुसा था। चोरी के दौरान घर का मालिक संजय जाग गया और उसने विरोध किया। इसी दौरान आरोपितों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आरोपित भूमिगत हो गया, जबकि उसके अन्य साथी गिरफ्तार कर लिए गए थे।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि 31 जनवरी को हेड कांस्टेबल प्रदीप डाबस को आरोपित के ठिकाने को लेकर गुप्त सूचना मिली। इसके बाद इंस्पेक्टर नीरज शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद टीम ने फरीदाबाद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने सीमापुरी हत्या कांड में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह गरीब परिवार से ताल्लुक रखता है और कम उम्र में ही गलत संगत में पड़ गया था। वर्ष 2017 में उसने कई लूट की वारदातों को अंजाम दिया, जिनमें एक लूट के दौरान हत्या भी शामिल है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलता रहा। जांच में पता चला है कि आरोपित के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में लूट, हत्या और लूटपाट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
