लखनऊ,01 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने केन्द्रीय आम बजट 2026 को समावेशी विकास, आर्थिक सुदृढ़ता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला बताया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि यह बजट समावेशी विकास, आर्थिक सुदृढ़ता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देगा तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के साथ देश को विकास की नई दिशा और गति प्रदान करेगा। पंकज चौधरी ने आम बजट 2026 के प्रस्तुतिकरण से पूर्व वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करते हुए फोटो भी शेयर की है।

पंकज चौधरी ने लिखा कि आयुष सेक्टर को मजबूती देते हुए तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित किए जाएंगे। आयुर्वेद उत्पादों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे। इस बजट में भारत को वैश्विक जैव-फार्मा विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। अगले पांच वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ बाॅयो-फार्मा शक्ति परियोजना का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे जैविक एवं जैव-सदृश दवाओं के घरेलू उत्पादन हेतु एक सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
