पौड़ी गढ़वाल, 01 फ़रवरी (हि.स.)। कोटद्वार में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का समापन हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी भूषण रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार दिए ।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी और बर्ड वॉचिंग न केवल मानसिक सुकून प्रदान करती है, बल्कि यह प्रकृति से जुड़ने का एक रोमांचक और रचनात्मक माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही बर्ड वॉचिंग और प्रकृति फोटोग्राफी के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे पर्यावरण को बेहतर ढंग से समझ सकें और उसके संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनें। उन्होंने कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन और सामंजस्य अत्यंत आवश्यक है।

जंगलों का संरक्षण करते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ना ही सतत विकास का मार्ग है। मानव–वन्यजीव संघर्ष पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जितने आवश्यक वन्यजीव हमारे लिए हैं, उतने ही हम उनके लिए भी हैं, इसलिए इनके संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने देशवासियों को कोटद्वार एवं आसपास की समृद्ध जैव विविधता से रूबरू होने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और प्रकृति आधारित पर्यटन को नयी दिशा मिलती है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष और सभी बर्ड वॉचर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन की सराहना करते हुए कहा कि फेस्टिवल से बना सकारात्मक मोमेंटम बनाए रखना आवश्यक है, जिससे इसे एक स्थायी बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि सफारी वाहनों की संख्या बढ़ाने तथा इसके लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मीडिया के सहयोग की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में कोटद्वार एक प्रमुख बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित होगा और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आएंगे।
फेस्टिवल के समापन अवसर पर मैराथन दौड़, पेंटिंग, क्विज़ एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े ने कहा कि सभी के सहयोग से कोटद्वार बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल को व्यापक पहचान मिली है और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों से प्रकृति संरक्षण को नयी दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में पार्षद संजय भंडारी, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
