कोरबा, 01 फरवरी (हि. स.)। कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत सीपेट के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।

दर्री पुलिस से आज रविवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक और पास ही खून से लथपथ युवक को पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवक के पास मिले पहचान पत्र और सुरक्षा वर्दी के आधार पर उसकी पहचान कटघोरा क्षेत्र के बरपाली निवासी दीपेंद्र पटेल के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि दीपेंद्र सीएसईबी पावर प्लांट, दर्री में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे रोज की तरह अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान सीपेट के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे में दीपेंद्र के चेहरे और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों ने बताया कि दीपेंद्र परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था और उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हादसे के सही कारणों और फरार वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
