खंडवा, 01 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के नर्मदानगर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, नर्मदानगर में फॉरेस्ट डिपो के पास रविवार शाम ट्रक और बाइक के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार दोनों युवकों को तत्काल पुनासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर नरेंद्र चौधरी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अशोक पुत्र लखन मालाकार और अरुण पुत्र अनोखी लाल राठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ट्रक चालक और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
