नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर शोभा यात्रा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह शोभा यात्रा एक फरवरी को दोपहर 2:30 बजे लाल किला ग्राउंड से शुरू होगी और शाम करीब 8 बजे गुरु रविदास मंदिर, पी एंड टी कॉलोनी, गुरु रविदास मार्ग पर संपन्न होगी। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शोभा यात्रा लाल किला ग्राउंड से शुरू होकर चांदनी चौक, फतेहपुरी, खारी बावली, सदर बाजार, बाराटूटी चौक, पहाड़ी धीरज, बाड़ा हिंदू राव होते हुए डीबीजी रोड के रास्ते गुरु रविदास मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान मार्ग और आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही और पैदल भीड़ काफी अधिक रहने की संभावना है।

इन सड़कों पर रहेगा असर
दोपहर 2:30 बजे से शाम 8 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, एसपीएम मार्ग, चर्च मिशन रोड, खारी बावली रोड, कुतुब रोड, महाराजा अग्रसेन रोड, बाड़ा हिंदू राव रोड, पहाड़ी धीरज रोड, सदर थाना रोड, रानी झांसी रोड, डीबीजी रोड, आर्य समाज रोड, गुरुद्वारा रोड, सरस्वती मार्ग और गुरु रविदास मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है।
जरूरत पड़ने पर होंगे डायवर्जन
स्थिति के अनुसार सुभाष पार्क टी-पॉइंट, छत्ता रेल चौक, फतेहपुरी टी-पॉइंट, चर्च मिशन रोड–खारी बावली रोड टी-पॉइंट, बारा टूटी चौक, बाड़ा हिंदू राव रोड–रानी झांसी रोड टी-पॉइंट, रानी झांसी फ्लाईओवर (तिस हजारी की ओर), कालकादास चौक और आरए बग्गा जैसे स्थानों से यातायात को डायवर्ट किया जा सकता है।
ट्रैफिक प्रतिबंध भी संभव
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर नेताजी सुभाष मार्ग, चर्च मिशन रोड, खारी बावली रोड, कुतुब रोड, महाराजा अग्रसेन रोड, बाड़ा हिंदू राव रोड, पहाड़ी धीरज रोड, सदर थाना रोड, डीबीजी रोड, आर्य समाज रोड और गुरु रविदास मार्ग समेत आसपास की सड़कों पर अस्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सड़क किनारे पार्किंग से बचें। पैदल यात्रियों को फुटपाथ और निर्धारित क्रॉसिंग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही, जहां तक संभव हो निजी वाहनों का इस्तेमाल न करें और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि आम जनता के सहयोग से ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पैदल यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखा जा सकेगा।
————–
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
