
जयपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। श्री गोविंद धाम में 2 फरवरी से फाल्गुन माह के शुभारंभ के साथ ही होली उत्सव की रंगीन छटा बिखरने लगेगी। ढप–चंग की थाप, होली धमाल और रंग–गुलाल के बीच रंगों व फूलों की होली खेली जाएगी। फाल्गुन माह की पूर्व संध्या पर रविवार को आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर में होली के डांडा का पूजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ।

डांडा पूजन महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में संत–महंतों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। मंदिर परिसर में डांडा रोपण स्थल को पतंगों, गुलाल और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया। इस अवसर पर ढप और चंग के साथ होली धमाल का आयोजन भी हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि फाल्गुन माह शुरू होते ही गोविंद देवजी मंदिर में होली उत्सव का विधिवत आरंभ हो जाएगा। प्रतिदिन ठाकुरजी को गुलाल अर्पित की जाएगी तथा रचना झांकियों का क्रम प्रारंभ होगा।
आर्ष संस्कृति दिग्दर्शक ट्रस्ट की ओर से आयोजन में पधारे अतिथियों का गुलाल तिलक कर स्वागत–अभिनंदन किया गया। डांडा पूजन के अवसर पर रामानंदाचार्य महाराज, सुदर्शनाचार्य महाराज, महंत रामरज दास महाराज, महंत विजय शंकर, राजकुमार चतुर्वेदी, धर्म प्रचारक विजय शंकर पाण्डेय, गोविंद शर्मा, डॉ. प्रशांत शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
