जयपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। कलमकार मंच के तत्वावधान में रविवार को राजस्थान चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स सभागार में प्रसिद्ध चित्रकार चंद्रप्रकाश गुप्ता की बहुप्रतीक्षित पुस्तक “शौर्य और शहादत को सलाम” का लोकार्पण किया गया। यह आयोजन केवल पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का भावपूर्ण उत्सव बन गया।

मुख्य अतिथि राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि शहीदों के चित्र बनाकर उन्हें उनके परिजनों को भेंट करना अत्यंत संवेदनशील और अनुकरणीय कार्य है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विपिन कुमार पांडे ने कलाकार की 27 वर्षों से चल रही निस्वार्थ सेवा की सराहना की। वरिष्ठ पत्रकारों ने भी पुस्तक में प्रस्तुत चित्रों और संस्मरणों को श्रद्धा, स्मृति और संकल्प का संगम बताया। कार्यक्रम में चंद्रप्रकाश गुप्ता ने उपस्थित शहीद परिवारों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। आयोजन का संचालन नवल पाण्डेय ने किया। यह कार्यक्रम कला, संवेदना और राष्ट्रभाव का जीवंत दस्तावेज बनकर अमर शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक बन गया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
