कोलकाता, 01 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कोच-राजबंशी समाज के महान वीर, शौर्य, शक्ति, प्रज्ञा, गरिमा और मानवता के प्रतीक वीर चिलाराय की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि कोच राजवंश के इस असाधारण योद्धा और महान रणकौशल विशेषज्ञ को उनकी अद्वितीय वीरता, तीव्रता और सैन्य दक्षता के लिए जाना जाता है। कोच सेना के सेनापति के रूप में वीर चिलाराय को भारतीय उपमहाद्वीप में गुरिल्ला युद्ध के अग्रदूतों में से एक माना जाता है।

ममता बनर्जी ने कहा कि वीर चिलाराय ने केवल राजबंशी समुदाय को ही नहीं, बल्कि समूचे बंगाल और भारत के असंख्य लोगों को प्रेरित किया है और आज भी करते हैं। उनके नेतृत्व और पराक्रम के कारण ही कोच राजवंश ने अपने गौरव के शिखर को प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि वीर चिलाराय की स्मृति के सम्मान में राज्य सरकार ने उनकी जयंती के अवसर पर उत्तर बंगाल में सरकारी अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही कोचबिहार में वीर चिलाराय की 15 फुट ऊँची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जो अब जिले का एक प्रमुख दर्शनीय स्थल बन चुकी है।
इसके अलावा ‘महावीर चिलाराय रोड’ और ‘महावीर चिलाराय कम्युनिटी हॉल’ के निर्माण सहित उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई अन्य महत्वपूर्ण पहलें भी की गई हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
