उत्तरकाशी, 01 फ़रवरी (हि.स.)।

पीएमश्री राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी ने अपना 107 वां स्थापना दिवस एवं पूर्व छात्र मिलन समारोह हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व छात्र गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने छात्र जीवन को स्मरण करते हुए विद्यालय द्वारा स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव मनाने की परंपरा की मुक्तकंठ से सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने युवाओं से नशे से दूर रहकर ईमानदारी और लगन के साथ अपने करियर निर्माण पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं में तेजी से बढ़ती नशाखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सामाजिक ताने-बाने को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक, अभिभावक और जागरूक नागरिक के रूप में हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि आने वाली पीढ़ी को इस सामाजिक बुराई के प्रति समय रहते जागरूक किया जाए।
इससे पूर्व छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। साथ ही गढ़वाली, कुमाऊंनी एवं हिमाचली लोकगीतों पर प्रस्तुत मनमोहक नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व छात्रों ने भी अपने छात्र जीवन की स्मृतियाँ साझा कीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महिपाल सिंह पंवार ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी स्थापना टिहरी रियासत के राजा नरेंद्र शाह ने अपने पिता कीर्ति शाह की स्मृति में की थी। उन्होंने बताया कि यह नगर का एकमात्र ऐसा शैक्षणिक संस्थान है, जो 125 नाली से अधिक भूमि पर विस्तारित है और वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम में सभासद महावीर चौहान, प्रेम सिंह पंवार, प्रताप सिंह विष्ट, हरि सिंह राणा, नागेंद्र थपलियाल, वरिष्ठ शिक्षक शैलेंद्र नौटियाल, प्रभाकर सेमवाल, एम.एस. रावत, पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के अध्यक्ष अजय रावत, राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष अवतार सिंह चौहान, सचिव बलवंत सिंह असवाल, दिनेश भट्ट, वृंदा प्रसाद शास्त्री, जगन्नाथ भट्ट, भास्कर रतूड़ी, पूर्व छात्र राजेंद्र कुमार, अरुण कुमार मेहता, डॉ. महेश भट्ट, धर्मेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल
