तीन बहनों का इकलौता भाई था मृतक

फरीदाबाद, 01 फरवरी (हि.स.)। थाना भूपानी इलाके स्थित कावरा मोड के पास एक ऑटो और बाइक में भिड़ंत में बीए फस्र्ट ईयर के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद बीके अस्पताल में शव को एंबुलेंस से उतारने के लिए कोई कर्मचारी नही मिला। जिसके चलते शव करीब डेढ़ घंटे तक एम्बुलेंस में पड़ा रहा। इससे एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आ गई है। मृतक पवन ने नेहरू कॉलेज में हाल में ही प्रधान का चुनाव जीता था। पुलिस कर्मचारी प्रदीप कुमार एसपीओ ने बताया कि गांव कावरा निवासी 20 वर्षीय मृतक पवन शनिवार शाम के समय अपनी बाइक पर जिम से घर लौट रहा था। कावरा मोट पर एक ऑटो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एंबुलेंस में रखवाकर बीके अस्पताल पहुंची। लेकिन अस्पताल में उनको शव उतारकर मोर्चरी में रखने के लिए कोई कर्मचारी नहीं मिला। जिस कारण करीब डेढ़ घंटे तक शव को एम्बुलेंस में ही रखना पड़ा। जिसके बाद एक कर्मचारी के आने पर शव को उतारकर रखा गया। मृतक पवन तीन बहनों का एकलौता भाई था। वह एक नेहरू कॉलेज में बीए फस्र्ट ईयर का स्टूडेंट था। उसके पिता दुबई में नौकरी करते हैं। पवन रोजाना की तरह जिम से वापस लौट रहा था। इस घटना के सुनने के बाद न केवल पवन के दोस्त अस्पताल पहुंच गए और उनकी तीनों बहनें माता और अन्य रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस कर्मचारी प्रदीप ने बताता कि पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों कि रिकार्डिंग जांच कर रही है। पुलिस जल्द ही ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर
