बीकानेर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। देश के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ एवं फिट रखने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा खेलो इंडिया स्कीम अंतर्गत चलाए जा रहे फिट इंडिया मूवमेंट के तहत संडे ऑन साइकिल रेस के ग्यारहवें संस्करण का आयोजन रविवार सुबह पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर के बाहर साइकिल ट्रैक पर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पॉलिटेक्निक कॉलेज बीकानेर एवं आईटीआई कॉलेज और नमो साइक्लिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं आईटीआई कॉलेज के स्टाफ और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिटनेस का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पॉलिटेक्निक कॉलेज प्राचार्य के.के. सुथार, आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य कैलाश शर्मा, जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष और जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा ने की। सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रेस की शुरुआत कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा ने कहा कि फिट इंडिया अभियान स्वस्थ जीवन शैली की ओर बढ़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित दिनचर्या और साइक्लिंग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।
साइकिल ड्राइव में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई और पूरे जोश के साथ फिट इंडिया का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के विभागाध्यक्ष बाबूलाल (विभागाध्यक्ष), एनसीसी प्रभारी एस.एल. राठी, खेल अधिकारी शंकरलाल प्रजापत, प्रथम वर्ष प्रभारी डॉ. आलोक व्यास, महिपाल सिंह खेदड़, भंवरलाल मेघवाल, ताराचंद सहित अन्य स्टाफ सदस्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयालाराम, जेठाराम गाट, कोच श्रवण कुमार भांभू, मुन्नीराम गोदारा, पेमाराम मेहरिया, शंकरलाल प्रजापत (खेल अधिकारी), डॉ. आलोक व्यास (प्रभारी प्रथम वर्ष), भंवरलाल मेघवाल, ताराचंद, रामप्रसाद जाट, पैरा साइक्लिस्ट प्रवीण कुमार, राजेश चौधरी, बस्तीराम डूडी, धर्मपाल सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
