जैसलमेर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व विख्यात मरु महोत्सव 2026 के तहत सिंधी होर्स एसोसिएशन, जिला प्रशासन एवं पंचायत समिति जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भव्य एवं रोमांचक आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर लाणेला गांव के विशाल रण क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न श्रेणियों में कुल 50 घोड़ों ने भाग लिया, जिनमें उदत व दो दांत घुड़दौड़ में 18, मादरी घुड़दौड़ में 4, छोटी रेवाल घुड़दौड़ में 14 एवं बड़ी रेवाल घुड़दौड़ में 14 घोड़े शामिल रहे। घुड़सवारों ने अपनी तेज रफ्तार, संतुलन एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए मरुधरा की वीर परंपरा को जीवंत कर दिया।

उदत व दो दांत घुड़दौड़ में सूरत के सतीश बिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, भीयु पटेल (मध्यप्रदेश) द्वितीय एवं सलीम मेरासी तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, मादरी घुड़दौड़ में रूप सिंह खारा ने प्रथम, अली दर्श ने द्वितीय एवं हड़वंत सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी क्रम में छोटी रेवाल घुड़दौड़ में डब्लू. एस. 7 प्रथम, जनीश पटेल का घोड़ा द्वितीय एवं दातार सिंह का घोड़ा तृतीय स्थान पर रहा। वहीं, बड़ी रेवाल घुड़दौड़ (सबसे तेज चाल) का निर्णय रिजर्व रखा गया। घुड़दौड़ प्रतियोगिता ने मरु महोत्सव की गरिमा को और बढ़ाते हुए देशी नस्लों के घोड़ों तथा पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं प्रचार को नई दिशा दी। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं पर्यटकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवंत दान चारण, पुलिस उप अधीक्षक रूप सिंह इंदा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ उमेश, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, सहायक निदेशक पर्यटन कमलेश्वर सिंह, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई, लक्ष्मीनाथ घुड़दौड़ संस्थान के अध्यक्ष भवानी सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में पर्यटक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर
