लखनऊ, 01 फरवरी (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा ) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संतगुरु रविदास की जयन्ती पर शत-शत नमन व अपार श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ ही देश व दुनिया में रहने वाले उनके करोड़ों अनुयाइयों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं।

बसपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट करते लिखा कि संतगुरु रविदास ’मन चंगा तो कठौती में गंगा’ अर्थात मन को शुद्ध व पाक-साफ रखकर ही इंसान सच्चे सुख की प्राप्ति कर सकता है। समाज व देश का भी भला कर सकता है, जैसा इंसानियत भरा संदेश देने के साथ-साथ अपना सारा जीवन इन्सानियत का संदेश देने में गुज़ारा और इस क्रम में ख़ासकर जाति भेद व द्वेष आदि के खि़लाफ आजीवन कड़ा संघर्ष करते रहकर अमर हो गए।

उनका संदेश धर्म की पवित्रता को समाज सेवा व जनचेतना के लिए इंसान एवं इंसानियत की भलाई के लिए है, किसी स्वार्थ ख़ासकर संकीर्ण राजनीतिक एवं चुनावी स्वार्थ की पूर्ति के लिए नहीं, जिसे भुला दिये जाने के कारण ही अमन-चैन, आपसी सौहार्द, भाईचारे तथा सुख-समृद्धि का वातावरण काफी कुछ प्रभावित है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
