रायपुर, 1 फरवरी (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 की रात्रि थाना खमतराई क्षेत्रांतर्गत न्यू गोंदवारा बस्ती स्थित एक गोदाम में प्रतिबंधित सिगरेट, हुक्का एवं हुक्का से संबंधित सामग्रियों के अवैध भण्डारण की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर एण्टी क्राइम एण्ड सायबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त गोदाम में दबिश दी गई।

रेड करवाई के दौरान गोदाम में एक व्यक्ति उपस्थित मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम प्रबोध शर्मा निवासी कबीर नगर, रायपुर बताया एवं स्वयं को गोदाम का मैनेजर होना स्वीकार किया। गोदाम की विधिवत तलाशी लेने पर वहां से प्रतिबंधित ई-सिगरेट एवं हुक्का तथा उससे संबंधित सामग्रियों का भारी जखीरा बरामद किया गया। उक्त सामग्रियों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहे जाने पर आरोपित द्वारा किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। जिस पर आरोपित प्रबोध शर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 25 लाख रुपये कीमत के प्रतिबंधित ई-सिगरेट एवं हुक्का तथा उससे संबंधित सामग्रियों तथा कम्प्यूटर सिस्टम एवं दस्तावेज को विधिवत जब्त किया गया। आरोपित के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

जब्त सामग्रियों में कोकोनट कोल 70 कार्टून, मैजिक कोल 40 कार्टून, इंटा कोल – 6 कार्टून, ई-सिगरेट – 78 डिब्बा, आर्गनिक इरा – 24 नग, कोकोजिल कोल – 28 बोरी, हुक्का – 34 नग, स्टैस प्रो – 14 कार्टून, स्टैस प्रो बड़ा – 12 कार्टून, हुक्का फ्लेवर – 09 कार्टून, नोजल बेक – 08 बोरी, बोंग – 110 नग, बोंग पाईप – 100 नग, मेटल शूटर – 10 पैकेट, क्लाउड – 01 कार्टून, एल्यूमिनियम फ्वाईल – 07 कार्टून, हुक्का पाईप – 46 नग इत्यादि जब्त किया गया है। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पूछताछ के दौरान आरोपित द्वारा उक्त गोदाम एवं बरामद प्रतिबंधित सामग्रियों का स्वामी आकाश तलरेजा निवासी शंकर नगर पंडरी रायपुर तथा नितिन सभागचंदानी निवासी डी डी नगर रायपुर होना बताया गया। आरोपित ने यह भी बताया कि, प्रतिबंधित सामग्रियों को महाराष्ट्र के पुणे से क्रय कर रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मांग के अनुसार विक्रय किया जाता था। प्रकरण में फरार आरोपित आकाश तलरेजा एवं नितिन सभागचंदानी की पतासाजी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा संपूर्ण नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं विवेचना जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर
