अररिया, 01 फरवरी(हि.स.)।

फारबिसगंज के विजडम इंस्टीट्यूट और एसजी टीचिंग सेंटर की ओर से रविवार को दसवीं एवं बारहवीं के सेंटअप छात्र छात्राओं के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

राशिद जुनैद की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मनोज विश्वास,विशिष्ट अतिथि मुख्य पार्षद वीणा देवी, समाजसेवी शाहजहां शाद, ऑल इंडिया प्राइवेट कोचिंग एसोसिएशन की सचिव सविता ठाकुर, अतिथि जुनैद अहमद और मुसर्रत जहां द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।इंटरमीडिएट और मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले बच्चों के उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से उन्हें विधायक मनोज विश्वास और मुख्य पार्षद वीणा देवी द्वारा मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच का सफल संचालन शिक्षक विनय देव और छात्रा आलिया एवं जेबा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
मौके पर स्टूडेंट्स ऑफ द ईयर अवार्ड से 12 वीं के छात्र मनीर अंसारी और 10 वीं की छात्रा शालिनी प्रिया को निदेशक राशिद जुनैद द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा नृत्य, गीत एवं नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों का मनमोहा। सभी प्रतिभागी बच्चों को शाहजहां शाद, सविता ठाकुर, सादिया प्रवीण, शाहिद अंसारी व जिया कुलसुम ने मेडल पहनाकर उत्साहवर्धन किया। समारोह को संबोधित करते हुए फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि दसवीं और बारहवीं की परिक्षा किसी भी छात्र छात्राओं के लिए कैरियर की पहली सीढ़ी होती है।यहां से ही कैरियर बनाने का मौका मिलता है।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी छोटा या बड़ा जन्म से नहीं होता। लोग अपने कर्म के आधार पर जीवन में ऊंचाई हासिल करते है। जिनको भविष्य में जितना बड़ा बनना है उन्हें छात्र जीवन उतना ही संघर्ष करना होगा तभी आपकी मनचाही लक्ष्य आप भेद पाएंगे। विशिष्ट अतिथि मुख्य पार्षद वीणा देवी,शाहजहां शाद,सविता ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन अपने संबोधन में किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
