श्रीनगर, 01 फरवरी(हि.स.)। श्रीनगर के मलूरा इलाके में रविवार सुबह के समय आग लग गई जिससे एक आवासीय-सह-शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को नुकसान हुआ।

अग्निशमन और आपातकालीन सेवा अधिकारियों के अनुसार घटना की सूचना लगभग 2:08 बजे मिली जिसके बाद तुरंत मुजगुंड, जवाहर नगर और सफाकदल फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां भेजी गईं।

अधिकारियों ने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी और तीसरी मंजिल आग की चपेट में आ गई। अग्निशमन कर्मियों ने निरंतर प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया और इसे आसपास की संरचनाओं तक फैलने से रोक दिया।
घटना में किसी की जान जाने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालाँकि, संपत्ति के नुकसान की सूचना मिली है और नुकसान की सीमा का आकलन किया जा रहा है।
आग लगने के कारण का तुरंत पता नहीं चल पाया है और उन परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी गई है जिनके कारण आग लगी।अधिकारियों ने कहा कि अग्निशमन सेवाओं की समय पर प्रतिक्रिया से आग पर काबू पाने में मदद मिली हालांकि इमारत के प्रभावित हिस्से को नुकसान हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता
