महोबा, 01 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद मुख्यालय में रविवार को संत गाडगे की जयंती के अवसर पर गाडगे समिति द्वारा सदर विधायक राकेश गोस्वामी को ज्ञापन सौंपते हुए नगर में एक चौराहा का नाम संत गाडगे के नाम पर रखने के साथ ही उनकी मूर्ति स्थापित कराने की मांग की गई है।

रविवार को जय राष्ट्र संत गाडगे श्रीवास समाज समिति द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित सदर विधायक राकेश गोस्वामी के निवास पर पहुंच कर ज्ञापन सौंपा गया है। समिति के अध्यक्ष बिहारी लाल गाडगे ने कहा कि महान समाज सुधारक संत गाडगे का राष्ट्रहित में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने इसके लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। फिर भी जनपद सृजन के लगभग 30 वर्ष बीतने के बाद भी आज तक जनपद मुख्यालय में संत की स्मृति में एक भी प्रतिमा तक स्थापित नहीं की गई है, जहां पर वह माल्यार्पण कर सकें। इसके साथ ही अध्यक्ष ने कहा कि नगर के किसी भी एक चौराहे का नाम संत गाडगे के नाम पर रखा जाए और उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाए। इस मौके पर समिति के महामंत्री राकेश श्रीवास, उदित नारायण श्रीवास, मुकेश, संजय, सुरजीत समेत अन्य लोग मौजूद रहे हैं।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी
