हरिद्वार, 01 फ़रवरी (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का अनूठा दृश्य देखने को मिला। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने ग्राम रानीमाजरा, तिलकपुरी, शाहपुर बादशाहपुर, इब्राहिमपुर, इक्कड़ धनपुरा सहित दर्जनों गांवों में पहुंचकर शोभायात्राओं का उद्घाटन किया और कार्यक्रमों में सहभागिता की।

विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान संत रविदास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा प्रसाद वितरण किया गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रमों में भाग लेकर संत रविदास के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संत रविदास के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। संत रविदास का जीवन संघर्ष, साधना और सामाजिक चेतना का प्रतीक है, जिनके विचार आज भी समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि संत रविदास ने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एक सूत्र में बांधने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि सरकार और जनप्रतिनिधि निरंतर प्रयास कर रहे हैं कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कई गांवों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिससे माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
