भागलपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अजंता सिनेमा के समीप रविवार को सड़क दुघर्टना में एक महिला की मौत हो गई। मृतका झारखंड की रहने वाली सोबी देवी के है। उक्त महिला झारखंड से गंगा स्नान के लिए भागलपुर आई हुई थी। इसी दौरान ई-रिक्शा से टक्कर लगने से महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के खंभे से टकरा गया था। मृतका की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष बताई गई है।

बताया जा रहा है कि वह ई-रिक्शा की अगली सीट पर बैठी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ई-रिक्शा चालक काफी तेज गति से गाड़ी चला रहा था। इसी जल्दबाजी में उसका संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा सड़क किनारे एक बिजली के पोल से टकरा गया। इस जोरदार टक्कर में महिला के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद ई-रिक्शा चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

कोतवाली पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त टोटो को जब्त कर थाने लाया गया है। पुलिस अभी फरार चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही मृतका के परिजन को सूचित करने का प्रयास किया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
