सूरत, 01 फ़रवरी (हि.स.)। गुजरात के सूरत शहर के प्रसिद्ध बिल्डर और ‘घेलाणी ग्रुप’ के मालिक तुषार घेलाणी ने अपने निवास पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत सूरत की महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनके सिर में लगी 9 एमएम की गोली मस्तिष्क को भेदते हुए आर-पार निकल गई है। गोली के कण मस्तिष्क के विभिन्न हिस्सों में फैल जाने से सूजन बढ़ गई है। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है और उच्च मात्रा में दवाएं दी जा रही हैं। महावीर अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. धवल पटेल ने बताया कि गोली मस्तिष्क के बाएं हिस्से से दाएं हिस्से तक पहुंच गई है, जिससे हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

डॉक्टरों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर उन्हें एयर एम्बुलेंस से मुंबई ले जाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना सूरत के पॉश सिटीलाइट क्षेत्र में बीती रात करीब 2 बजे हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल ले जाया गया।
प्रारंभिक तौर पर तुषार घेलाणी का पारिवारिक कारणों से यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने रिवॉल्वर जब्त कर ली है और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से सूरत के बिल्डर समुदाय में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि तुषार घेलाणी की बेटी के विवाह की रस्में रविवार से शुरू होने वाली थीं और 5 फरवरी को शादी होनी थी। घर में जहां खुशियों का माहौल होना था, वहां इस घटना के बाद सन्नाटा पसर गया है। शादी से जुड़ी सजावट हटाई जा रही है।
तुषार घेलाणी वर्ष 1990 से निर्माण क्षेत्र में सक्रिय हैं और सूरत में कई आधुनिक व लग्जरी आवासीय प्रोजेक्ट्स बना चुके हैं। उनका मुख्य कार्यालय पार्ले प्वाइंट क्षेत्र में स्थित है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
