सोनभद्र, 01 फरवरी (हि.स.)। जिले की राबर्ट्सगंज थाना अंतर्गत ग्राम लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा पर रविवार को एक महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों से टोल कर्मियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

महिला अधिवक्ता आरती पांडेय ने थाना प्रभारी राबर्ट्सगंज को दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया है कि रविवार को वह अपने रिश्तेदारों और परिजनों के साथ कार से ओबरा जा रही थी। दोपहर तीन बजे कार टोल प्लजा के पास पहुंची तो कतार में उसकी कार से आगे दो वाहन और खड़े थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि जब आगे वाली गाड़ियां बहुत देर तक आगे नहीं बढ़ीं तो उनके जीजा नवीन सिंह कार से उतर कर आगे गए और टोल कर्मियों से जाम का कारण पूछा तब टोल कर्मियों ने उन्हें भद्दी—भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थना पत्र में वादिनी ने आरोप लगाया कि वहां उपस्थित टोल कर्मी नवीन सिंह से मारपीट करने लगे। आवाज सुनकर बीच बचाव करने पहुंचे अवनीश दुबे को भी आरोपितों ने लाठी डंडे से मारा, जिससे दोनों लोगों को गहरी चोटें आई हैं।

आरती पांडेय ने पुलिस को बताया कि टोल कर्मियों ने उनके भी बाल पकड़ कर खींचे और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में उनकी बहन गरिमा सिंह बेहोश हो गई थी। उन्होंने पुलिस को शिकायत पत्र देते हुए इस मामले में मुक़दमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी राबर्ट्सगंज राम स्वरूप वर्मा ने बताया कि आरती पांडेय की तरफ से तहरीर प्राप्त हुई है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी
