शिमला, 01 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ले ली है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तथा निचले क्षेत्रों में बारिश से ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। शिमला से सटे प्रमुख पर्यटन स्थल कुफ़री में ताज़ा हिमपात दर्ज किया गया है, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है। मौसम के इस बदलाव से पहाड़ों की चोटियों ने एक बार फिर सफेद चादर ओढ़ ली है और वीकेंड पर पहुंचे पर्यटकों में बर्फ देखने की उम्मीद जगी है।

शिमला शहर सहित राज्य के मध्य और निचले इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर बारिश हुई, वहीं बीती रात कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलीं।

मौसम विभाग के अनुसार शिलारू और कोठी में 5-5 सेंटीमीटर, कुफ़री में 4 सेंटीमीटर, गोंदला में 3 सेंटीमीटर, खदराला में 2.5 सेंटीमीटर, सांगला में 2.1 सेंटीमीटर, जोत में 1 सेंटीमीटर और कल्पा में 0.8 सेंटीमीटर ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि मनाली में 10 मिलीमीटर, सुजानपुर टिहरा में 7.8, सराहन में 7.3, शिमला में 4.2, मलराओं में 4.0, जुब्बड़हट्टी और सोलन में 3.4-3.4 मिलीमीटर बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने, साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि 2 और 3 फरवरी को भी मौसम खराब रह सकता है, हालांकि इन दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 4 और 5 फरवरी को मौसम के साफ रहने का अनुमान जताया गया है, वहीं 6 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं।
इस बीच मौसम के बदले मिजाज से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला में 3.6 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 9.2, भुंतर में 8.2, कल्पा में शून्य से नीचे -0.4, धर्मशाला में 3.0, ऊना में 7.5, नाहन में 8.0, पालमपुर में 6.0, सोलन में 4.6, मनाली में 0.8, कांगड़ा में 9.3, मंडी में 9.9, बिलासपुर में 7.5, जुब्बड़हट्टी में 5.4, कुकुमसेरी में -3.1, भरमौर में 2.0, सेओबाग में 4.0, बरठीं में 9.4, कसौली में 7.0, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 11.0-11.0, सराहन में 3.9 और ताबो में -3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
