कानपुर, 01 फरवरी (हि.स.)। यह आम बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मध्यम वर्ग को राहत देने के प्रावधान आम जनता के हित में हैं। यह बजट सबका साथ–सबका विकास–सबका विश्वास की भावना को प्रतिबिंबित करता है। यह बातें रविवार को भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।

भाजपा कानपुर उत्तर जिले द्वारा आज भारत सरकार के आम बजट का सीधा प्रसारण नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में बड़ी स्क्रीन लगाकर देखा गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल एवं जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, एमएलसी सलिल विश्नोई, सुरेश अवस्थी की अगुवाई में जिले के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने एक साथ बजट का अवलोकन किया।

देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट को सभी कार्यकर्ताओं ने गंभीरता से सुना। बजट के दौरान पूरे कार्यालय में उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि यह आम बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा, किसान, महिला और मध्यम वर्ग—सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है। यह बजट आत्मनिर्भर भारत को और मजबूत करेगा तथा देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने दर्शपुरवा में बड़ी स्क्रीन पर कार्यकर्ताओं व आम जनता के साथ बजट देखा। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए आम बजट का स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
