
मुरादाबाद, 01 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुरादाबाद महानगर के तत्वाधान में बुद्धि विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर रविवार को आम बजट 2026 का सीधा प्रसारण देखा गया। बजट प्रस्तुत होने के बाद भाजपा जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।

इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सतपाल सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत यह बजट आत्मनिर्भर भारत, गरीब, किसान, युवा एवं मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने वाला है।

प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर सिंह ने कहा कि इस आम बजट में दिल्ली-वाराणसी समेत सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। दिल्ली-वाराणसी, वाराणसी-सिलीगुड़ी में भी हाई-स्पीड रेल कॉरीडोर बनेंगे। बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा स्थापित की जाएगी।
क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने कहा कि इस आम बजट में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, विकास को गति देने तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। एमएलसी गोपाल अंजान ने इस बजट को देश के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि बजट में युवा, महिला, किसान, व्यापारी सहित सभी वर्गों का ध्यान रखा गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि बजट में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के कल्याण के लिए नई योजनाओं और राहत पैकेजों का एलान किया है, जिससे सामज के इन वर्गों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश पाल ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार प्रस्तुत किये गए इस नौवें बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
इस अवसर पर उप्र गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, कार्यक्रम संयोजक व महानगर उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजू कालरा, प्रांतीय परिषद के सदस्य निमित जायसवाल, मुकेश भारद्वाज दिनेश सिसोदिया चंद्र प्रजापति अनुज पंडित, सुनीता शर्मा, नवीन चौधरी, मयूर भाटिया आदि भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
