तीन नेपाली और, 7 भारतीय नागरिक गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण,01 फ़रवरी (हि.स.)। इंडो-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फेक करेंसी छापने वाले एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।इस दौरान पुलिस ने 3 नेपाली नागरिक और 7 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 25 लाख रुपये की नेपाली फेक करेंसी और 18 हजार रुपये की भारतीय फेक करेंसी के साथ जाली नोट छापने से जुड़े कई उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इंडो-नेपाल रक्सौल बॉर्डर के रास्ते जाली नोटों की तस्करी में सक्रिय था।
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा क्षेत्र से होकर जाली नोटों की एक बड़ी खेप की सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल के एसडीपीओ मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया।जांच के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से लगभग 18 हजार रुपये की भारतीय जाली मुद्रा बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि जाली नोट सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज इलाके में छापे जा रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर मोतिहारी और सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने मेजरगंज में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक ठिकाने से करीब 25 लाख रुपये की नेपाली जाली मुद्रा बरामद की। इसके साथ ही जाली नोट छापने वाला विशेष कागज, प्रिंटिंग मशीन, स्याही, कटर सहित कई उपकरण भी जब्त किए गए।
एसडीपीओ मनीष आनन्द ने बताया कि बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि यहां जाली नोट छापने का संगठित केंद्र संचालित किया जा रहा था।इस मामले में पुलिस ने मौके से और अन्य स्थानों से कुल 3 नेपाली एवं 7 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क कब से सक्रिय था, जाली नोट किन-किन क्षेत्रों में खपाए गए और इसके तार किन अन्य राज्यों या अंतर्राष्ट्रीय गिरोहों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से इंडो-नेपाल सीमा पर फेक करेंसी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी इस मामले में छापेमारी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पकड़े गये आरोपिताे की पहचान तिलक बहादुर थिंग उम्र-30 पे० स्व० खड़का बहादुर सा० पदकपोखरी थाना-हथौड़ा जिला-मकवानपुर, बागमति प्रदेश, (नेपाल), सरोज कुमार उम्र 31 वर्ष पे० स्व० जंगी महतो सा० गामर सिमरा, थाना-जितपुर, जिला-बारा (नेपाल), दिलीप कुमार सिंह पे० स्व० दुर्गेश्वर सिंह सा० मनियाटोला थाना-जयनगर जिल मधुबनी श्रीदेव महतो सा० बिदुरी महतो सा० लहान वार्ड नं0 20 थाना-लहान जिला-शिराह नेपाल रौशन कुमार पे० मनोज राम सा० खैरवा थाना मेजरगंज जिला-सितामढी,राकेश सिंह पे० स्व० नागेन्द्र सिंह सा० माधोपुर थाना मेजरगंज जिला-सितामढी साहेब कुमार उर्फ लाल पे० राजकुमार सिंह सा० कुवारीमदन थाना मेजरगंज जिला-सीतामढी,साजन कुमार पे० जंगी महतो सा० गमर थाना जितपुर जिला-बारा वाड नं0 08 नेपाल 9, विकाश कुमार पटेल पे० चुनचुन पटेल सा० कुवारीमदन थाना मेजरगंज जिला सीतामढी 10, मो० असलम पे० मो० सफीक सा० कबाड़ी टोला थाना मेजरगंज जिला सीतामढी के रूप में हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार
