


देवरिया, 01 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय बजट को लेकर विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं। महिलाओं, युवाओं, अधिवक्ताओं और उद्यमियों से जुड़े मुद्दों पर बजट के प्रभाव को लेकर चर्चा की गई। कुमारी संज्ञा ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में एक बालिका छात्रावास (गर्ल्स हॉस्टल) बनाने की घोषणा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेषकर ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी और वे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित होंगी।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लखपति दीदी योजना को और मजबूत किया गया है। इसके तहत ‘शी-मार्ट’ या ‘सी-मार्ट’ योजना की शुरुआत की गई है, जिसमें महिला स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन का अवसर मिलेगा। साथ ही इन समूहों को कम ब्याज दर पर ऋण, प्रशिक्षण और मेंटरशिप उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

वहीं शुभम् त्रिपाठी, अधिवक्ता ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट में अधिवक्ताओं या वकीलों के लिए कोई प्रत्यक्ष नई योजना जैसे चैंबर निर्माण, पेंशन व्यवस्था या डिजिटल सुविधाओं की घोषणा नहीं की गई है, जो निराशाजनक है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बजट में रोजगार-केंद्रित विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। युवाओं के लिए गहन कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिनमें विशेष रूप से आतिथ्य प्रबंधन संस्थानों पर फोकस रहेगा। इसके अतिरिक्त होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी में सुधार किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि युवा शक्ति को सशक्त बनाने के लिए 350 से अधिक सुधार लागू किए गए हैं, जो रोजगार सृजन में सहायक होंगे।
युवा उद्यमी सिद्धांत ने बजट को उद्यमियों के लिए उत्साहजनक बताया। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए ऋण गारंटी कवर को ₹5 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ कर दिया गया है । जिससे अगले पांच वर्षों में लगभग ₹1.5 लाख करोड़ का अतिरिक्त ऋण उपलब्ध हो सकेगा। स्टार्टअप्स के लिए यह सीमा बढ़ाकर ₹20 करोड़ कर दी गई है, वहीं निर्यात से जुड़े MSME अब ₹20 करोड़ तक का सावधि ऋण प्राप्त कर सकेंगे। उनके अनुसार यह प्रावधान नए उद्यमों को बढ़ावा देने और आर्थिक विकास को गति देने में अहम भूमिका हैं।
युवा नेता भारत कुमार मद्धेशिया ने कहा कि बजट पूरा संतुलन का है । सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है । हर जरूरत के लोगों के लिए बातें रखी गई है ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
