कोरबा, 01 फरवरी (हि. स.)। गेवरा रोड से पेंड्रा रोड के बीच नई विद्युतीकृत डबल रेलवे लाइन निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामाग्री के गबन के गंभीर प्रकरण में कोरबा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आज रविवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने जेसीबी वाहन, रेलवे लोहे के स्लीपर के टुकड़े और नगद राशि जब्त की है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 25,06,000 बताई गई है।

प्रकरण में शिकायत शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा थाना कटघोरा में दर्ज कराई गई थी। शिकायत में रेलवे साइट सिंघिया और सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे के स्लीपर और अन्य निर्माण सामाग्री के गायब होने की जानकारी दी गई थी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत ने गहन जांच की।

जांच में यह तथ्य स्पष्ट हुआ कि, यह घटना बाहरी डकैती या हथियारबंद लूट का मामला नहीं है, बल्कि संस्था के भीतर कार्यरत व्यक्तियों द्वारा पद का दुरुपयोग कर किया गया आंतरिक गबन है। जांच के आधार पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 43/2026, धारा 316(5), 317(2), 317(3), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि, तेजबहादुर पटेल (जेसीबी ऑपरेटर) ने कई महीनों तक रेलवे निर्माण सामाग्री चोरी कर कबाड़ी को बेचकर अवैध लाभ कमाया। इसके अलावा राहुल सिंह मरकाम भी इस कृत्य में संलिप्त पाया गया। जांच में यह भी उजागर हुआ कि कुछ कर्मचारियों को भ्रामक जानकारी देने के लिए दबाव बनाया गया, ताकि घटना को बाहरी लूट के रूप में दिखाया जा सके।
अपराध में प्रयुक्त सामान और आरोपितों के कब्जे से जप्त सामग्री को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, रेलवे संपत्ति और सार्वजनिक परियोजनाओं से जुड़े किसी भी प्रकार के गबन या आपराधिक कृत्य के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
