धर्मशाला, 01 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के निजी शिक्षण संस्थानों में डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) सत्र 2025-2027 की रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग 4 फरवरी से शुरू होगी। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण के बाद अभी भी कुल 697 सीटें खाली हैं। इनमें 321 अनुदानित (सब्सिडाइज्ड) और 376 गैर-अनुदानित (नॉन-सब्सिडाइज्ड) सीटें शामिल हैं, जिन्हें योग्यता सूची के आधार पर भरा जाना है।

काउंसलिंग प्रक्रिया बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगी। प्रथम राउंड 4 से 7 फरवरी तक चलेगा, जिसमें पहले दिन 44 या उससे अधिक अंक वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इसके बाद क्रमशः 41-43, 38-40 और 35-37 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भाग लेंगे। यदि इसके बाद भी सीटें शेष बचती हैं, तो 10 से 12 फरवरी तक द्वितीय राउंड आयोजित होगा, जिसमें न्यूनतम 27 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों तक को अपनी दावेदारी पेश करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बोर्ड ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध ‘बायोडाटा फॉर्म’ भरकर ही मुख्यालय पंहुचे। साथ ही दसवीं व जमा-दो की अंकतालिका, हिमाचली मूल निवासी प्रमाण पत्र और आरक्षित श्रेणी से संबंधित मूल दस्तावेजों व उनकी प्रमाणित छायाप्रतियों को साथ लाना अनिवार्य है। ईडब्ल्यूएस, ओबीसी और पूर्व सैनिकों के आश्रितों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापित शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि सीटों का आवंटन योग्यता के आधार पर केवल एक बार ही किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे संस्थान का चयन सोच-समझकर करें। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि यदि सीटें पहले भर जाती हैं, तो काउंसलिंग प्रक्रिया उसी दिन समाप्त कर दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
