जयपुर, 01 फ़रवरी (हि.स.)। हरमाड़ा थाना इलाके शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनो युवकों को कुचलने के बाद तेज रफ्तार कार चालक ने भागने का प्रयास किया और सामने से आ रहीं एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। सूचना पर मौके पर पहुची पुलिस ने दोनो युवकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया। वहीं रविवार दोपहर में स्थानीय लोग इकट्ठा हुए और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना -प्रदर्शन किया। पुलिस ने दोनो क्षतिग्रस्त कारों को जब्त कर चालक की तलाश शुरु कर दी है।

एएसआई हरि सिंह ने बताया कि विरदी चंद्र शर्मा (40) निवासी बीलपुरा कलवाड़ा और राहुल मीणा (19) की लोहामंडी स्थित धर्मकांटे के पास मिठाई की दुकान है, शनिवार देर रात दोनो दुकान बंद कर अपने घर जा रहें थे। इसी दौरान सर्विस लाइन में पैदल जाते वक्त नींदड़ मोड से तेज रफ्तार से आ रहीं स्विफ्ट कार ने उन्हे जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनो की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राहुल मीणा दुकान संभालने के साथ प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। दोनो युवकों को कुचलने के बाद कार चालक ने भागने का प्रयास किया और सामने से आ रहीं आ रहीं ब्रेजा कार से जा टक्कराई। जिसके बाद चालक अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल अवस्था में दोनो को निजी अस्पताल भिजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। रविवार दोपहर में पुलिस ने दोनो शवों का कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं रविवार दोपहर लोहा मंडी के स्थानीय लोग घटना स्थल पर जमा हो गए और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन करने लग गए। स्थानीय लोगों ने बीच सड़क पर लकड़ी व टायर जलाकर अपना रोष व्याप्त किया। सूचना पर मौके पुलिस ने समझाईश मामला शांत कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया की जल्दी स्विफ्ट कार चालक को हिरासत में लिया जाएगा। जिसके बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश शांत हुआ।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
