जम्मू, 01 फ़रवरी (हि.स.)। नटरंग द्वारा अपनी लोकप्रिय साप्ताहिक थिएटर श्रृंखला ‘संडे थिएटर’ के तहत रविवार को रानी पार्क, जम्मू में नीरज कांत द्वारा लिखित एवं निर्देशित हिंदी नाटक ‘नया दौर’ का मंचन किया गया। विचारोत्तेजक नाटक में डिजिटल इंडिया अभियान की परिवर्तनकारी शक्ति को आम जनजीवन से जुड़ी कहानियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसमें तकनीक के जरिए जीवन को सरल, सशक्त और शासन को अधिक पारदर्शी व सुलभ बनते हुए दिखाया गया। नाटक की शुरुआत सूत्रधारों से हुई, जिन्होंने डिजिटल इंडिया की परिकल्पना और भारत की डिजिटल क्रांति की पृष्ठभूमि रखी। इसके बाद ढिंढोरची (परंपरागत उद्घोषक) ने सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचने का संदेश दिया।

पहले दृश्य में पिता की मृत्यु के बाद भूमि विवाद से परेशान एक युवक की कहानी दिखाई गई, जिसे “आपकी ज़मीन आपकी निगरानी” योजना के माध्यम से ऑनलाइन भूमि रिकॉर्ड की सुरक्षा का समाधान मिलता है। राहत महसूस कर वह इस सुविधा को अन्य लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लेता है। दूसरे दृश्य में बाइक सवार दो युवकों को पुलिस रोकती है, जहां एक युवक डिजिलॉकर ऐप के जरिए आरसी, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस तुरंत दिखाता है। पुलिस डिजिटल सुविधा की सराहना करते हुए उन्हें जाने देती है। सूत्रधार ने दर्शकों को याद दिलाया कि डिजिटल इंडिया सशक्तिकरण का माध्यम है, जो सेवाओं को तेज, शासन को स्मार्ट और नागरिकों को मजबूत बनाता है।

तीसरे दृश्य में घर पर एलपीजी सिलेंडर खत्म होने की स्थिति दिखाई गई, जहां एक क्लिक में सिलेंडर बुकिंग की सुविधा दर्शाई गई। खुशी में पात्र डिजिटल इंडिया के समर्थन में नारे लगाता है। अंतिम दृश्य भावनात्मक रहा, जिसमें एक बुजुर्ग अपनी पेंशन निकालने की चिंता करता है। उसका पोता उसे बताता है कि पेंशन, बैंकिंग, दवाइयां और रोजमर्रा की जरूरतें अब ऑनलाइन एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। नाटक का समापन इस सशक्त संदेश के साथ हुआ कि डिजिटल इंडिया ने आम नागरिक का जीवन सरल बनाते हुए उसकी गरिमा को पुनर्स्थापित किया है और सभी को तकनीक अपनाने का आह्वान किया। नाटक में पवन वर्मा, कार्तिक कुमार, कुशल भट्ट, आदेश धर और आर्यन शर्मा ने प्रभावशाली अभिनय किया। प्रस्तुति मिहिर गुर्जल द्वारा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
