पानीपत, 01 फ़रवरी (हि.स.)।

पानीपत, भाजपा जिला कार्यालय श्याम कमल के सभागार में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन के लोकसभा में दिए गए बजट प्रस्तुतिकरण भाषण को सुनने के लिए बड़ी तादाद में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया | कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इस बजट में केंद्रीय वित मंत्री ने मैन्युफैक्चरिंग ओर घरेलू मांग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है। नया बजट भारत के भविष्य के लिए नई और सही राह दिखलाने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि भारत में हो रहा परिवर्तन विकास की गति से अधिक उसकी प्रकृति एवं स्वरूप में आया बदलाव अधिक महत्त्वपूर्ण होता है | विपक्षियों की सरकारों के शासन के दौरान बनाई गई असंतुलित अर्थव्यवस्था से देश को बाहर निकाल कर सरकार ने एक ऐसी अर्थव्यवस्था की ओर कदम बढ़ाए हैं जो पूँजीगत व्यय, डिजिटल आधारभूत ढाँचे और संस्थागत क्षमताओं पर आधारित हैं।
शहरी विधायक प्रमोद विज ने भी संबोधित किया उन्होंने कहा कि हमारे लिए इससे बड़ी ख़ुशी की बात यह भी है कि हरियाणा सरकार ने चिराग योजना का विस्तार करके शिक्षा को सामाजिक न्याय से जोड़ने का स्पष्ट संकेत दे दिया है। अब 8 लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा। चिराग योजना के तहत कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलवाकर सरकार फीस की प्रतिपूर्ति करेगी।
जिला भाजपा अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि भारत ने वैश्विक शक्ति का नया अध्याय लिखते हुए मदर ऑफ ऑल ट्रेड डील्स मुक्त व्यापार समझौता करके भी एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
