प्रयागराज, 01 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की एंटी नारकोटिक्स टाॅस्क फोर्स की प्रयागराज युनिट एवं कर्नलगंज थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार शाम मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिराेह के एक सदस्य को बक्शीबाध के पास से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लगभग 55 लाख रुपये की हिरोईन बरामद हुई है।

एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स की प्रयागराज यूनिट के प्रभारी उप निरीक्षक सत्येंद्र प्रधान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के दारागंज थाना क्षेत्र स्थित नगर खाना झोपड़ पट्टी निवासी धर्मेन्द्र पटेल है। एक सूचना पर कर्नलगंज थाना की पुलिस टीम का सहयोग लेते हुए बक्शी बांध के पास से धर्मेंद्र पटेल को गिरफ्तार किया हैं। उसके पास से 275 ग्राम हिरोईन और 4,790 रुपये नगद बरामद हुआ है। बरामद मादक पदार्थ हिरोईन की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 55 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ कर्नलगंज थाना में मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जा रही है।—————

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
