उमरिया01 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व में रविवार को फिर एक भालू की मौत हो गई। इससे पहले दो दिन पूर्व रिजर्व में एक साथ दो भालुओं के शव मिले थे। इस तरह तीन दिन में तीन भालुओं की मौत से प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।

बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के क्षेत्र संचालक डाक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि रविवार को पनपथा बफर रेंज अंतर्गत आने वाले खितौली सर्किल के मिदरा बीट के कक्ष क्रमांक आर एफ 488 में ग़श्ती के दौरान एक भालू का शव मिला। तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। डॉग स्क्वाड ने कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया है। मेटल डिटेक्टर से भी जांच की गई, कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।

क्षेत्र संचालक, उप संचालक, वन परिक्षेत्र अधिकारी तथा अन्य की उपस्थिति में वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम में प्राथमिक रूप से प्राकृतिक मृत्यु का प्रकरण सामने आया है, शवदाह की कार्यवाही की गई है। भालू की उम्र लगभग 4 वर्ष तथा लिंग नर है। भालू के सभी अवयव सुरक्षित पाए गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी
