बैतूल, 01 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड स्थित ग्राम दामजीपुरा में रविवार को सोशल मीडिया पर गौवंश (गाय) के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य का एक वीडियो वायरल होने के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर गांव में तोड़फोड़ और दो दुकानों में आग लगा दी। इनमें से एक आरोपी की दुकान है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दरअसल, बैतूल जिला मुख्यालय से 110 किमी दूर स्थित दामजीपुरा गांव से जुड़ा एक कथित वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद सुबह 10 बजे से ही बवाल शुरू हो गया। घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों में गुस्सा भड़क उठा और आसपास के जिलों से भी लोग दामजीपुरा पहुंचने लगे। आक्रोशित भीड़ ने सबसे पहले आरोपी की दुकान में आग लगा दी। इसके बाद पास की एक अन्य दुकान में भी तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया। बैतूल से पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

हालात को काबू में करने के लिए भैंसदेही, चिचोली और मोहदा थानों का पुलिस बल मौके पर भेजा गया है। पुलिस लाइन से वज्र वाहन और अतिरिक्त बल सुबह 11.45 बजे रवाना किया गया। दोपहर करीब 1.35 बजे पुलिस फोर्स गांव पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को हटने के लिए कहा और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह हिंदू संगठनों ने एसडीओपी को कॉल कर मामले में आवेदन देने की बात कही थी। मोहदा थाना प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बाद में वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। मौके पर यह भी बताया गया कि वायरल वीडियो पुराना है। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस चौकी में घुसकर आरोपी के साथ मारपीट की। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए और बवाल की स्थिति बन गई। घटना के दौरान भीड़ अलग-अलग मोहल्लों में घूमती रही। बाजार बंद कराए गए और इसके बाद दुकानों में तोड़फोड़ की गई। इस घटना में दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है। दो दुकानों में आगजनी भी की गई। इसके अलावा कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि उपद्रव की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं मोहदा थाना प्रभारी वीके मौर्य ने बताया कि जिस युवक पर आरोप है, उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
