सिलीगुड़ी, 1 फरवरी (हि.स)। शहर की एक नामी मिठाई दुकान के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब पांच बजे गोदाम के अंदर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दी। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि गोदाम में रखी बड़ी मात्रा में मिठाइयां और अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग लगने के समय गोदाम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन नुकसान काफी ज्यादा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के सही कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पूरे मामले की जांच दमकल विभाग और पुलिस कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

