
एक लाख वनवासी बच्चों को पढ़ा रहा आरएसएस

लखनऊ, 01 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख मनोज ने रविवार को हनुमान सेतु मंदिर प्रांगण में आयोजित हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुस्लिम आक्रान्ताओं ने भारत के 30 हजार मंदिरों को तोड़ा। हिन्दू समाज को अपमानित करने और उनकी आस्था पर चोट पहुंचाने के लिए अयोध्या,मथुरा,काशी व सोमनाथ जैसे बड़े मंदिरों को तोड़ा। उन्होंने कहा कि पहले भी अयोध्या राम मंदिर में सबसे अधिक हिन्दू दर्शन के लिए आते थे। आज भी देश में सबसे अधिक हिन्दू दर्शन के लिए अयोध्या आ रहे हैं।

मनोज ने कहा कि आक्रान्ता हमारे आदर्श नहीं हो सकते। अपने आप को जानो, देश के चरित्र और अध्यात्म को जानो। महापुरूषों के योगदान को जानो और भारत के गौरवशाली अतीत को जानो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिन्दुओं की अस्मिता का जागरण कर रहा है। देश की सुप्त शक्ति को जगाने का काम संघ कर रहा है। एक लाख वनवासी बच्चों को पढ़ाने का काम संघ कर रहा है।
क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख ने कहा कि हमारे शास्त्रों में कहीं भी छुआछूत नहीं है। समाज से इस कुरीति को दूर करना होगा। जाति के नाम हमें बांटने का काम राजनीतिक लोग करते हैं इनसे सावधान रहना होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा देश व समाज को बचाने के लिए परिवार को बचाना होगा।
लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी ने कहा कि हम सब संगठित होकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति के लिए पंच परिवर्तन आवश्यक है।
हिन्दू सम्मेलन को नवयुग कन्या इन्टर कालेज की प्राचार्य मंजुला उपाध्याय और चिन्मय मिशन के कौशिक चैतन्य ब्रहमचारी ने संबोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता बलरामपुर चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डा. देवाशीष शुक्ला ने की।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
