रामगंगा के किनारे किया सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ

मुरादाबाद, 01 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय पुजारी परिषद द्वारा माघ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार शाम को कटघर स्थित अटल घाट पर रामगंगा नदी के किनारे श्री रामगंगा मैय्या (श्री परशुराम गंगा मैय्या) की भव्य महाआरती एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कर श्री राम गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। महा आरती और हनुमान चालीसा पाठ के बाद प्राचीन शिव राम गंगा मन्दिर, अटल घाट पर प्रसाद का वितरण किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय पुजारी परिषद के संस्थापक श्याम कृष्ण रस्तौगी ने कहा कि मां गंगा और उसकी सहायक नदियों के के प्रति हिंदू समाज की गहरी आस्था और श्रद्धा है परंतु सरकार और समाज के कुछ लोग इसके साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। गंगा और उसकी सहायक नदियों के सफाई के नाम पर करोड़ों रुपया खर्च किया जा रहा है पर सफाई कहां हो रही है दिखाई नहीं देता सभी नदियों में सैकड़ों गंदे नाले मिल रहे हैं। सरकार में बैठे अधिकारियों को दिखाई नहीं दे रहे।
राष्ट्रीय पुजारी परिषद मांग करता है कि रामगंगा में जानवरों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए और जो गन्दे नाले मिल रहे हैं उन्हें तुरंत बंद किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से महानगर संत महामंडलेश्वर संजय नंद गिरि महाराज, आचार्य कामेश्वर मिश्रा, पंडित तेज नारायण मिश्रा, पुजारी महेंद्र, पंडित विनोद शर्मा, पंडित सतीश खंडूरी आदि में भाग लिया ।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
