
रांची, 01 फरवरी (हि.स.)। सेवा भारती रांची महानगर की सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने और संत रविदास की 649 वीं जयंती पर वार्षिकोत्सव सह बाल मेला और भारत स्वावलंबन की ओर महिला कार्यशाला का आयोजन रविवार को न्यू एजी कॉपरेटिव कॉलोनी, कडरू मैदान में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर स्वावलंबन केंद्र की महिलाओं के लिए देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। स्वावलंबन गोष्ठी की मुख्य अतिथि पूर्व पार्षद रोशनी खलखो ने कहा कि स्वावलंबी और सशक्त मातृशक्ति राष्ट्र की शक्ति है। परिवार में एक महिला शिक्षित-संस्कारिक है तो पूरे सदस्यों का कुशल मार्गदर्शन करती हैं। आज सशक्त महिलायें सामाजिक कार्यों में आगे बढ़ कर अपना योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्बोधन में उषा जालान,एकल अभियान की केंद्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि सेवा भारती के स्वावलंबन आयामों के माध्यम से अभावग्रस्त महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षित युवतियां-महिलाएं अपने मुहल्लों में दुकान खोल कर स्वरोजगार से जुड़ गई हैं।

इस अवसर पर स्वावलंबन प्रशिक्षण केंद्रों की देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता की निर्णायक डॉ सुपर्णा बरूवा और रांची महिला महाविद्यालय की संगीत शिक्षिका सुजाता मजुमदार ने प्रथम और द्वितीय विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम की भूमिका सेवा भारती की न्यासी सोनी मेहता ने रखा।
वहीं, एक दिवसीय बाल मेला में ट्रेन मैन आशीष, मुंबई की ओर से प्रस्तुत किए गए इवेंट्स में बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया गया। मौके पर स्वावलंबन केंद्र की महिलाओं की ओर से स्वनिर्मित वस्तु विक्रय केंद्र सह प्रदर्शनी लगाई गई थी।
सार्वजानिक कार्यक्रम में सेवा बस्तियों के 2000 बच्चों ने सामुहिक मंत्रोच्चार,गीत और योगासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विभिन्न नगरों की ओर से मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सेवा भारती के पदाधिकारियों की ओर से उत्साहवर्धन किया गया।
साथ ही जगन्नाथपुर संस्कार केंद्रों के 250 बच्चों का एक साथ सामुहिक नागपुरी नृत्य गान आकर्षण का केन्द्र रहा।
सार्वजनिक कार्यक्रम के अतिथियों का स्वागत परिचय महानगर अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, ने किया। मौके पर वार्षिक प्रतिवेदन महानगर सचिव श्याम टोरका ने प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान में रांची नगर में 115 सेवा कार्य चल रहे हैं इसे विस्तार कर 250 सेवा कार्य का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि सेवा भारती वंचित और उपेक्षित बस्ती में सकारात्मक परिवर्तन कर रही है। आज संस्कारित शिक्षा के माध्यम से समाज में संस्कार का वातावरण बन रहा है।
वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए सेवा भारती के उपाध्यक्ष अखिलेश्वर नाथ मिश्र ने कहा कि बच्चों को बाल मन से ही संस्कारों और अच्छे व्यवहार के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। बच्चों में प्रारंभिक काल में जल और पर्यावरण संरक्षण का स्वभाव विकसित करने की आवश्यकता है। यही बच्चे बड़े होकर कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बन के राष्ट्र निर्माण के सहभागी होंगे।
वार्षिकोत्सव की मुख्य अतिथि मीरा मुंडा ने कहा कि सेवा भारती के माध्यम से समाज के वंचित, उपेक्षित, अभावग्रस्त और पीड़ित परिवारों के बीच विभिन्न सेवा कार्यों की ओर से बस्ती का सर्वांगीण उन्नयन किया जा रहा है। स्वावलंबन आयामों की ओर से महिला सशक्तिकरण का कार्य हो रहा है। आज सेवा-संस्कारों से बच्चों के साथ अभिभावकों में भी बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य पवित्र कार्य है। समाज से कटे दीन-हीन लोगों को समृद्धशाली बनाकर समरस समाज का वातावरण बनाने का कार्य सेवा भारती बखूबी कर रही है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा भारती के गुरूशरण प्रसाद, सेवा भारती के प्रांतीय सचिव ऋषि पाण्डेय, प्रांतीय कोषाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल,पवन मंत्री, शुभेन्दू भट्ट, मनोज सिंघानिया, कमल केडिया, कमल पोद्दार,परमानन्द कुजारा, सुनील सिंह ,कंचन प्रभा, सुष्मिता पाण्डेय, रमाकांत दुबे, अमरेंद्र विष्णुपुरी सहित अन्य शामिल थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
