हावड़ा, 01 फ़रवरी (हि. स.)। हावड़ा के चटर्जीहाट थाना इलाके में सरेआम एक युवती से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। पूरी वारदात पास के एक क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक रजतप्रिय साहा को गिरफ्तार कर किया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार दोपहर एक युवती गदाधर मिस्त्री सेकेंड बाई लेन से पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक स्कूटी पर विपरीत दिशा से आया। युवती को देखकर वह स्कूटी घुमाकर पास पहुंचा और अचानक अश्लील हरकत करने लगा। युवती ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपित तेजी से भाग निकला।पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान रजतप्रिय साहा के रूप में हुई, जो बेलीपोल इलाके में एक शराब की दुकान में काम करता है। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने दो अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने सरेआम हो रही ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
