
बोकारो, 01 फ़रवरी (हि.स.)। बोकारो इस्पात संयंत्र ( बीएसएल ) के जरिये हॉफ मैराथन रविवार को आयोजित किया गया।

मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित मैराथन में बोकारो सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए कुल 5,800 धावकों ने भाग लेकर अपनी फिटनेस और जज़्बे का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतिभागियों में 1,229 महिला एवं 4,571 पुरुष धावक शामिल थे। मैराथन का आयोजन 21 किलोमीटर (हॉफ मैराथन), 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की श्रेणियों में महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए किया गया। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए दो किलोमीटर की विशेष दौड़ का आयोजन कर कार्यक्रम को समावेशी और प्रेरणादायी स्वरूप दिया गया। दिव्यांग धावकों का आत्मविश्वास और उत्साह सभी के लिए प्रेरणा बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर संयंत्र के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स, डीआईजी (सीआईएसएफ) एम. मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
फ्लैग ऑफ के साथ ही स्टेडियम और आसपास का माहौल जयघोष से गूंज उठा।
मैराथन को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग में पेयजल, एनर्जी ड्रिंक और रिफ्रेशमेंट, एम्बुलेंस, चिकित्सक दल, सुरक्षा बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई धावकों ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय हासिल किया, वहीं अनेक प्रतिभागियों ने पहली बार लंबी दूरी की दौड़ पूरी कर उपलब्धि हासिल की।
दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को डायरेक्टर इंचार्ज की ओर से सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार
