चित्तौड़गढ़, 02 फ़रवरी (हि.स.)। संसद में केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की और से प्रस्तुत आम बजट को लेकर सोमवार को सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने चित्तौड़गढ़ के कलक्ट्रेट स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया।

सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रख कर तैयार किया है। बजट में न केवल वर्तमान जरूरतों का समाधान किया गया है, बल्कि यह भी स्पष्ट किया गया है कि भारत को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक रूप से किस तरह आगे ले जाया जाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह बजट देश को नई दिशा देने वाला है और आने वाले वर्षों में इसका सकारात्मक प्रभाव हर वर्ग तक पहुंचेगा। उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर बात करते हुए कहा कि बजट में हर जिले में महिला छात्रावास खोलने की घोषणा की गई है। इसके लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे दूर-दराज से पढ़ाई और रोजगार के लिए आने वाली महिलाओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। युवाओं को लेकर मंत्री दक ने कहा कि बजट में एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड बनाया गया है, जिससे स्वरोजगार, स्टार्टअप और छोटे उद्योगों को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही युवाओं को आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे उन्हें रोजगार के नए अवसर मिल सके और वे देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सके। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने वाला बजट है। हर वर्ग को इसमें कुछ न कुछ मिला है और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। यह बजट आने वाले समय में भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पत्रकार वार्ता में बेगू विधायक डॉ. सुरेश धाकड़, जिला कलक्टर आलोक रंजन, एडीएम प्रशासन प्रभा गौतम, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी बिनु देवल, भाजपा जिला अध्यक्ष रतन गाडरी, हरीश ईनानी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल
