कटिहार, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सेमापुर थाना पुलिस ने जमीनी विवाद में हुई हत्या की गुत्थी 24 घंटे के अंदर सुलझा ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि 18 अप्रैल को बिमली देवी, उम्र 60 वर्ष, पति स्व. उमेश यादव, निवासी झाड़ी टोला कावर, थाना सेमापुर ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि 17 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे वह अपने पति के साथ घर में सो रही थीं। तभी पुराने जमीनी विवाद को लेकर सुनील यादव, उम्र 40 वर्ष, पिता नरेश यादव, निवासी झाड़ी टोला कावर, पीछे के रास्ते से घर में घुस आया। उसने उमेश यादव पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में सेमापुर थाना कांड संख्या-45/26, दिनांक 18 अप्रैल 2026, धारा-103 (1) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त सुनील यादव, उम्र 40 वर्ष, पिता नरेश यादव, निवासी झाड़ी टोला कावर, थाना सेमापुर को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
