पूर्वी चंपारण,27 जनवरी (हि.स.)।जिले के हरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 292 किलो 872 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस सफल और साहसिक अभियान का श्रेय हरपुर थाना प्रभारी की सतर्कता, रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता को दिया जा रहा है, जिनकी सक्रिय भूमिका से यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी।

गुप्त सूचना पर सटीक कार्रवाई
26 जनवरी 2026 को हरपुर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि एक सिल्वर रंग की बोलेरो में भारी मात्रा में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने बिना समय गंवाए इसे वरीय पदाधिकारियों से साझा किया और तत्काल कार्रवाई की रणनीति तैयार की।.अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल मनीष आनन्द के निर्देशन में गठित विशेष टीम हरपुर थाना प्रभारी की मैदानी निगरानी में गठित की गई।
थाना प्रभारी के निर्देश पर नहर रोड स्थित चिकनी चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बोलेरो (HR05AK9895) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन थाना प्रभारी की अगुवाई में की गई घेराबंदी के कारण वाहन को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान बोलेरो से 25 प्लास्टिक के बंडलों में छिपाकर रखा गया 292 किलो 872 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
बरामदगी के समय हरपुर थाना प्रभारी ने विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित कराया। उनकी मौजूदगी में प्रखंड विकास पदाधिकारी आदापुर रणधीर कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में तलाशी कराई गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान
जितेंद्र कुमार (30 वर्ष)
पिता – स्व. साहु राम
निवासी – कुसहा, थाना मझौलिया, जिला पश्चिमी चंपारण
के रूप में हुई है। फरार आरोपी की तलाश के लिए थाना प्रभारी के निर्देश पर लगातार छापेमारी जारी है।इस कार्रवाई में रक्सौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रक्सौल मनीष आनंद, पुलिस निरीक्षक छौड़ादानो रंजय कुमार , हरपुर थाना प्रभारी राहुल कुमार,उत्तम कुमार सहित कई पुलिस कर्मी शामिल थे |
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार
