कानपुर, 02 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में कमिश्नरेट कर्नलगंज थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में पिछले 35 वर्षों से फरार चल रहे हत्यारोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को पुलिस ने चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर इलाके से गिरफ्तार किया। वह वर्ष 1990 से फरार चल रहा था। तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को मीडिया काे जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1984 में कर्नलगंज क्षेत्र में रहने वाले पहलवानों के दो गुटों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते चमनगंज थाना क्षेत्र निवासी शौकत ने सुल्तान नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा था। इसके बाद गोंडा जेल स्थानांतरित किया गया था।
वर्ष 1990 में जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपित शौकत फरार हो गया। इसके बाद वह न तो कभी थाने में उपस्थित हुआ और न ही न्यायालय द्वारा जारी किसी भी तारीख पर हाजिर हुआ। लंबे समय तक फरार रहने के चलते वर्ष 2017 में तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपित पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी।
जांच के दौरान पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज पते की जानकारी जुटाई गई, जिसमें सामने आया कि आरोपित किराए के मकान में रहता था। वहीं, जिन दो व्यक्तियों ने उसकी जमानत ली थी, उनकी भी मृत्यु हो चुकी थी।
इसके बाद कर्नलगंज थाना पुलिस और सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से आरोपित के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसे चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर से गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि काफी समय के बाद वह चकेरी में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार से मिलने आया था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
