
सीतापुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)।

सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई। दोपहर से लापता 5 वर्षीय मासूम बच्ची का शव गांव के बाहर स्थित एक झोपड़ी में खून से लथपथ हालत में मिलने से पूरे इलाके में तनाव फैल गया।

संध्या पुत्री रामशरण सोमवार दोपहर करीब 4 बजे अचानक लापता हो गई थी। बच्ची के न मिलने पर परिजनों ने शाम करीब 6 बजे से ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की, लेकिन देर रात गांव के बाहर बनी एक झोपड़ी से जब उसका शव बरामद हुआ तो चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही बिसवा पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बच्ची के गले पर रस्सी से गला घोंटे जाने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जबकि शरीर पर खून के धब्बों ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात एसपी अंकुर अग्रवाल, एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह और सीओ बिसवा अमन सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मासूम की नृशंस हत्या के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है, हर कोई बस एक सवाल पूछ रहा है—आखिर इतनी बेरहमी किसने और क्यों की?
इस घटना पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश प्रताप सिंह ने बताया कि बालिका की गला दबाकर हत्या की गई है, जांच की जा रही है पूछताछ के लिए कुछ संदिग्ध लोगो को भी हिरासत में लिया गया है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
