बाराबंकी, 10 मार्च (हि.स.)। रेलवे विभाग बाराबंकी जरवल गोंडा क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए नकहा–लखनऊ पैसेंजर ट्रेन को फिर से शुरू करने की तैयारी में है। अगर विभागीय प्रक्रिया समय से पूरी हाे गई ताे जल्द ही पटरी पर दाैड़ेगी। यह ट्रेन कोविड महामारी के दौरान 23 मार्च 2020 से निरस्त है।

इस ट्रेन को पुनः शुरू कराने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव काे पत्र देकर लखनऊ गोंडा पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की थी कि क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नकहा–लखनऊ पैसेंजर ट्रेन को जल्द शुरू किया जाए। उनकी मांग पर विचार करते हुए रेलवे विभाग ने अपने स्तर से ट्रेन चलाने की तैयारी शुरु कर दी है। इस बार ट्रेन के रूट में थोड़ा बदलाव भी किया गया है। अब यह ट्रेन लखनऊ के डालीगंज स्टेशन तक जाएगी। सुबह चलने वाली ट्रेन संख्या 55061 नकहा से रवाना होकर सुबह 09:25 बजे डालीगंज पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 55062 शाम 05:20 बजे डालीगंज से नकहा के लिए प्रस्थान करेगी। रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि उचित समय पर संबंधित जानकारी साझा की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
